बांदा। दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन शोभा यात्रा/जुलूस सोमवार (26 अक्तूबर) को निकलेगी। यह अपने पुराने मार्गों से जाएगी। यह निर्णय शुक्रवार को महेश्वरी देवी मंदिर परिसर में केंद्रीय महोत्सव समिति की बैठक में लिया गया।
प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे ने बताया कि प्रात: 10 बजे बलखंडी नाका स्थित श्रीधाम से टोकन वितरित किए जाएंगे। संरक्षक राजकुमार राज ने बताया कि शोभा यात्रा में प्रतिमाओं के बीच 10 मीटर की दूरी रहेगी।
इसमें शामिल सभी लोगों को मास्क लगाना जरूरी है। लाउडस्पीकर मधुर ध्वनि में ही बजाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रशासन से मिलकर घाट और सड़कें दुरुस्त कराने की मांग की जाएगी।
महामंत्री कल्लू सिंह राजपूत ने इस बात पर कड़ा रोष जताया कि इस वर्ष चौराहों पर पुलिस व्यवस्था सही ढंग से नहीं की गई। महेश्वरी देवी सहित सभी प्रमुख मंदिरों के प्रमुख रास्तों पर सुबह से रात तक ई-रिक्शा और भारी वाहनों के प्रवेश से श्रद्धालुओं को भारी असुविधा हो रही है। जाम लग रहा है।
बैठक में प्रकाश साहू, बीके सिंह बड़े भइया, अशोक गुप्ता, मनोज जैन, विजय निगम, नारायण धुरिया, आचार्य वृंदावन वैश्य, अभिषेक पांडेय, डा.रमाशंकर राजपूत, छोटू धुरिया, निशांत खैरा, सचिन चौरसिया, शिवम चौरसिया, राकेश गुप्ता दद्दू, सौरभ जैन, सीपी गुप्ता, अनुराग गुप्ता, अनिवाश निगम लाला आदि शामिल रहे।