भिम्मा का पुरवा गांव में आग लगने के बाद निरीक्षण करते एबीएसए व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। विद्यालय में मिड-डे मील पकाने के दौरान गैस सिलेंडर और चूल्हे में आग लग गई। घटना के समय स्कूल चल रहा था और बच्चे मौजूद थे। किशोरी और एक ग्रामीण आग बुझाने में मामूली रूप से झुलस गए। मिड-डे मील का सामान भी जल गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव के मजरा भिम्मा का पुरवा प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को सुबह रसोइया उर्मिला और केशा बच्चों के लिए मिड-डे मील पका रही थीं। साथ में केशा की पुत्री शिवदुलारी भी थी। खाना बनाते समय गैस पाइप में आग लग गई। सिलेंडर में भी आग पकड़ ली।
आग लगने से स्कूल में बच्चों और शिक्षकों में दशहत फैल गई। आसपास के अभिभावक आ गए। ग्रामीण राममनोहर वर्मा व रामविशाल ने रसोई घर में घुसकर अग्निशमन सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, किंतु ये यंत्र बेकार थे। ग्रामीणों ने बालू और गीले बोरे डालकर आग बुझाई।
शिवदुलारी और एक ग्रामीण मामूली रूप से झुलस गए। प्रधानाध्यापक जयभान सिंह ने बताया कि स्कूल में 95 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। घटना के समय 14 बच्चे मौजूद थे। अग्निकांड में मिड-डे मील का राशन जल गया। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर एबीएसए जयकरन प्रजापति समेत पूर्व प्रधान अवधेश सिंह और प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी भी पहुंच गए।