बांदा। झमाझम बारिश और तेज हवा के झोंकों ने मंगलवार की शाम खुशनुमा बनाई। एक ओर जहां लोगों को चिपचिपाती उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं पिछले कई दिनों से तीखे चल रहे मौसम के मिजाज भी नरम पड़ गए।
सोमवार को धूप के तेवर तल्ख हो गए और उमस से लोग परेशान होने लगे। शाम को मौसम ने करवट लिया। आसमान काले बादलों से घिर गया। इसके बाद हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दी। मंगलवार को सुबह से बादलों की आवाजाही लगी रही।
दोपहर करीब 12 बजे फिर करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से घटकर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस कायम रहा। इस बाबत मौसम विज्ञानियों ने बताया कि मौसम में यह फेर बदल जारी रहेगा।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक सोमवार को रात 3.6 मिलीमीटर और मंगलवार को दोपहर 6.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। चित्रकूटधाम मंडल में बारिश का औसत 4.5 मिलीमीटर रहा। जबकि बांदा में 6.5, महोबा में 5, हमीरपुर में 4 और चित्रकूट जिले में सबसे ज्यादा 7 मिलीमीटर बारिश हुई।