चैंपियन बनी टीम के कप्तान को कप सौंपते पूर्व डीडीसी दिलशेर खा व स्कूल प्रबंधक डा.विजय पांडेय।
- फोटो : BANDA
बदौसा। प्रो.दीनानाथ पांडेय मेमोरियल क्रिकेट में चैंपियनशिप का ताज अदरी गांव की टीम के सिर बंधा। मेजबान बदौसा-ए टीम 43 रनों से हारकर उप विजेता बनी।
शास्त्री ग्राउंड में आयोजित मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार को फाइनल मैच था। बदौसा ए टीम के कप्तान इरफान ने टॉस जीतकर अदरी गांव की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अदरी को बल्लेबाज दानिश ने 23, बंशी ने 22, जावेद ने 16 और फुरकान ने 14 व नीरज ने 13 रन बनाए। निर्धारित 20 ओवर में 17.1 ओवर पर अदरी टीम ने 121 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में उतरी बदौसा-ए टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई। इसके तीन बल्लेबाज सिर्फ दहाई का आंकड़ा ही छू सके। सीटी ने 16, मुईन खां ने 17 और निजाम ने 13 रन बनाए। 17.3 ओवर में सभी विकेट खोकर बदौसा-ए टीम मात्र 88 रन बना पाई।
बदौसा टीम के श्रेयस को मैन ऑफ द सिरीज और अदरी टीम के बॉलर आशीष को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य दिलशेर खां और कालेज प्रबंधक डा.विजय पांडेय ने विजेता अदरी टीम के कप्तान जमील को कप प्रदान किया। थानाध्यक्ष नरेश प्रजापति ने उप विजेता बदौसा टीम के कप्तान इरफान खां को कप सौंपा। कमेंट्री के लिए जलील खां व यूनुस खां सम्मानित किए गए। कालेज प्राचार्य राजबहादुर त्रिपाठी सहित जागेश्वर शुक्ला, एजाज खां, राहुल तिवारी, शाहनवाज खां शानू और खलील खां इत्यादि उपस्थित थे।