बांदा। मकान निर्माण का मटेरियल उतारने गए ट्रैक्टर चालक को कुछ दबंगों ने रोककर पीट दिया। इसी बीच चालक के जेब में पड़े रुपये व गले में पड़ी सोने की माला भी छीन ली। चालक की तहरीर पर पुलिस ने दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला बदौसा थाना के ग्राम चंदौर के अंश मधुवा का पुरवा का है, जहां थाना क्षेत्र के बल्लान निवासी प्रमोद यादव ईंट व लोहे का दरवाजा छोड़ने गया था। भाड़ा उतारकर जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचा तो गांव के लाला यादव, लवलेश यादव, कमल कुमार व संपत ने जबरन ट्रैक्टर रोक लिया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों के प्रहार से चालक का सिर फट गया और वह बेहोशी की अवस्था में जमीन पर गिर गया।
जिसके बाद उसकी जेब में पड़े 20 हजार रुपये व गले में पड़ी सोने की माला गायब हो गई। गांव के कुछ लोगों द्वारा घायल चालक को थाने पहुंचाया जहां पर पुलिस ने चालक का उपचार कराकर दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया। थाना प्रभारी भाष्कर मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, पुलिस मामले की जांचकर रही है।