बांदा। बांदा के ऐतिहासिक राइफल क्लब मैदान की नीलामी का मामला अब उत्तर प्रदेश विधानमंडल में गूंज उठा है। बबेरू के विधायक विशंभर सिंह यादव ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है। इस नीलामी प्रक्रिया को लेकर शहरवासियों और खिलाड़ियों में गहरा आक्रोश है, क्योंकि इससे शहर के एक महत्वपूर्ण खेल मैदान के समाप्त होने का खतरा मंडरा रहा है।
शहर के बाबूलाल चौराहे के निकट स्थित राइफल क्लब मैदान, मौजा लडाका पुरवा के गाटा संख्या 2086 नान जेड में है। यह मैदान पूर्व में पुलिस लाइन हुआ करता था, जिसे बाद में खेल मैदान के रूप में विकसित किया गया। इस मैदान ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई खेल आयोजनों की मेजबानी की है, और आज भी युवा खिलाड़ी यहां विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं, ताकि भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। विधायक विशंभर सिंह यादव ने विधानसभा में इस बात पर प्रकाश डाला कि विकास प्राधिकरण ने नगर पालिका से इस मैदान को गलत तरीके से फ्री-होल्ड कराया है और अब इसे व्यावसायिक प्रक्रिया के तहत नीलाम करने की तैयारी है। यह आरोप लगाया गया है कि इस नीलामी से शहर का एक ऐतिहासिक खेल मैदान समाप्त हो जाएगा, जो कि खिलाड़ियों और आम जनता के लिए एक बड़ा नुकसान होगा। विधायक ने नीलामी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।