अहमदाबाद (गुजरात) से कमाकर लौट रहा मजदूर ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे स्टेशन में अचेत हो गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसकी जेब में मिले मोबाइल नंबर से रविवार को सुबह परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव के मजरा मंझनपुर गांव निवासी सूरजभान (25) अहमदाबाद में रहकर मजदूरी करता था। वह शनिवार की रात ट्रेन से बांदा रेलवे स्टेशन उतरा। यहां कैंटीन के पास अचानक उसे उल्टी हुई और वह वहीं गिर गया। जब तक यात्री समझ पाते तब तक उसकी मौत हो गई। उसका शव काफी देर तक पड़ा रहा। जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया।
तलाशी के दौरान मिले मोबाइल नंबर पर परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के चचेरे भाई दिलीप ने बताया कि सूरजभान की रात आठ बजे पत्नी केसू से बात हुई थी। उसे कोई बीमारी नहीं थी। मामला संदिग्ध लग रहा है। उधर, पुलिस के मुताबिक खून की उल्टी होने के बाद उसकी मौत हुई है। दो भाइयों में छोटा था। पत्नी गर्भवती है।