बांदा। बदलते दौर में रक्षाबंधन पर राखी भेजने का तरीका भी बदल गया है। अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने यह काम आसान कर दिया है। घर बैठे राखी बुक कर सीधे भाई के पते पर भेजी जा रही है।
इसका असर डाक विभाग के राखी विशेष लिफाफों की बिक्री पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रधान डाकघर में 500 राखी विशेष लिफाफे मंगाए गए हैं लेकिन सात दिन में सिर्फ 25 की बिक्री हुई है।
रक्षाबंधन पर डाक विभाग हर साल वाटरप्रूफ विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध कराता है। इनकी कीमत 12 रुपये रखी गई है और राखी भेजने पर डाक विभाग की ओर से विशेष छूट भी दी जाती है। इसके बावजूद लोग डाकघर की बजाय ऑनलाइन माध्यम को प्राथमिकता दे रहे हैं। अतर्रा, बबेरू, कर्वी और बांदा कचहरी उप डाकघरों में भी बिक्री के लिए 100-100 लिफाफे भेजे गए हैं। इसके साथ ही पोस्टल चार्ज पर भी 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
वहीं ई-कॉमर्स साइट पर पसंद की राखी चुनकर सीधे उसी पते पर ऑर्डर किया जा सकता है। इससे बाजार जाने और डाकघर पहुंचने की जरूरत नहीं पड़ती। यही वजह है कि डाकघर में राखी भेजने वालों की संख्या लगातार घट रही है।
-
राखी के साथ मिठाई भी भेजने का विकल्प
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म सिर्फ राखी भेजने तक सीमित नहीं हैं। यहां राखी के साथ मिठाई और अन्य उपहारों के पैकेज भी आसानी से बुक किए जा सकते हैं। अलग-अलग कीमतों और ऑफर के साथ राखी-मिठाई के पैकेज उपलब्ध होने से लोगों को एक ही ऑर्डर में कई चीजें भेजने की सुविधा मिल रही है। डाक विभाग से मुख्य रूप से राखी भेजने की सुविधा होने के मुकाबले ऑनलाइन माध्यम की यह सुविधा भी लोगों को आकर्षित कर रही है। इसका असर इस बार डाकघर के राखी विशेष लिफाफों की बिक्री पर साफ नजर आ रहा है।
-