शहर में ईदगाह के पास फ्लैग मार्च करती पुलिस।
- फोटो : BANDA
बांदा। लॉकडाउन के चलते पहली दफा ईद पर ईदगाह नमाजियों से सूना रहेगा। नवाबी जामा मस्जिद सहित जिलेभर की मस्जिदों पर भी हुजूम नहीं उमड़ सकेगा। कई दिनों से उलेमा और मौलाना घरों पर ही नमाज अदा करने की लगातार अपील कर रहे हैं। पूर्व संध्या पर प्रशासनिक और पुलिस फोर्स ने फ्लैग मार्च किया। ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
शहर काजी अकील मियां और ईदगाह व जामा मस्जिद के मुतवल्ली डॉ. शेख सादी जमां सहित मौलाना कमरुद्दीन, मौलाना मुमताज रब्बानी आदि कई दिनों से लगातार मुस्लिमों से अपील कर रहे हैं कि ईदुल फितर की नमाज घरों पर ही अदा करें। लॉकडाउन की बंदिश से ईदगाह, जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में आम लोगों के लिए यह नमाज नहीं होगी।
उनकी इस गुजारिश पर मुस्लिम समुदाय घरों पर ही नमाज अदा करने के लिए एक राय हैं। उधर, रविवार को पूर्व संध्या पर एसडीएम सदर सुरजीत सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आलोक मिश्र व कोतवाली इंस्पेक्टर दिनेश सिंह सहित कई पुलिस चौकी प्रभारी, यूपी-112, डॉग स्क्वॉयड आदि पुलिस फोर्स ने शहर में फ्लैग मार्च किया। खुफिया विभाग भी चौकन्ना रहा। सीओ आलोक मिश्र ने बताया कि ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी।