फोटो24-रेलवे स्टेशन में रैक से डीएपी खाद लोड करवाते एआर राजेश कुमार। स्रोत-विभाग
- सप्ताह भर से खाद न होने पर किसान हो रहे थे मायूस
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। रबी की बुआई के लिए जिले को 1652.200 एमटी डीएपी मिली है। रविवार को खाद की रैक बांदा पहुंची। यहां से सीधे सहकारी समितियों में भेजी गई है। सोमवार से खाद का वितरण किसानों को किया जाएगा।
इस समय गेहूं की बुआई के लिए किसानों ने खेत का पलेवा किया है। करीब सात दिन से समितियों में खाद का टोटा है। किसान मायूस होकर लौट रहे हैं। प्रशासन ने जंबो रैक डीएपी की डिमांड भेजी थी। पारादीप से डीएपी की रैक रविवार की सुबह बांदा पहुंची। सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक राजेश कुमार ने बताया कि 2753.700 एमटीडीएपी की रैक आई है। इसमें 60 प्रतिशत 1652.200 एमटी बांदा और चित्रकूट जिले को 40 प्रतिशत 1101.500 एमटी डीएपी खाद मिली है। एक हजार एमटी खाद रैक से समितियों में भेजी गई है।
सहकारी समिति तिंदवारी उत्तरी, जौरही, खाईंपार, रेउना, नवीन क्योटरा, लुकतरा, पीसीएफ तिंदवारी, पीसीएफ मंडी, बी-पैक्स पपरेंदा, पैलानी के जसपुरा, निवाइच, नरैनी के बी-पैक्स नरैनी, अतर्रा में खुरहंड, खुरहंड संघ, बदौसा, बिसंडा, बिलगांव, बबेरू के बीरा, छिलोलर आदि समितियों में पांच-पांच टन खाद पहुंच गई है। राजस्व व पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति में सोमवार को सुबह नौ बजे से समितियों में खाद का वितरण किसानों को किया जाएगा। टोकन के आधार पर किसानों को खाद मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक टोकन पर दो बोरी खाद ही किसानों को दी जाएगी।