बांदा। अतिक्रमण में टूटे घर की मरम्मत के लिए आए दो मजदूरों की खाना खाने के बाद हालत बिगड़ गई। मकान मालिक ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। फूड प्वाइंजनिंग की संभावना जताई जा रही है। पुलिस को सूचना दी गई है। उधर, मृतक के भाई ने जहर खिलाने की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मोहल्ला निवासी महिपत सिंह ने बताया कि उनके मोहल्ले में मास्टर प्लान लगा है। इस पर वह भी अपने मकान की तोड़फोड़ के बाद मरम्मत करा रहे थे। रविवार को उनके निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने के लिए मटौंध थाना क्षेत्र के परमपुरवा निवासी शिवबरन (27) व दीपक (25) दो दिन से आ रहे थे।
रविवार को दोपहर शिवबरन और दीपक ने अपने घर से लाए कटहल की सब्जी को खाया था। इस बीच महिपत अपने फुफेरे भाई के साथ किसी काम से चले गए। इस बीच शिवबरन और दीपक की सब्जी खाने से हालत बिगड़ गई। वह उलटी करने लगे। महिपत को जानकारी होने पर उन्होंने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सोभरन को मृत घोषित कर दिया।
उधर, परमपुरवा गांव से आए शिवबरन के भाई राजेंद्र ने जहर खिलाने की आंशका जताई है। बताया कि घर में पिता तुलसीदास हैं। वह मजदूरी करते हैं। शिवबरन चार भाइयों में तीसरे नंबर का अविवाहित था। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो मिला है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। शव को मोर्चरी में रखाया गया है।