बांदा। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में करीब चार हजार स्थानों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इनमें जिले के सभी स्कूलों के साथ सरकारी कार्यालय और भवन शामिल हैं। इसके अलावा सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिवालयों पर भी ध्वजारोहण होगा।
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अमित आसेरी ध्वजारोहण करेंगे। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन में राष्ट्रध्वज फहराएंगे। जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण कार्यक्रम होंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिवालयों में तिरंगा फहराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी भवनों को सजाने का काम देर शाम तक जारी रहा। कई सरकारी कार्यालयों को रोशनी से सजाया गया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजारों में भी उत्साह नजर आया। दुकानों पर तिरंगे और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी सामग्री की बिक्री हुई। बच्चों से लेकर युवाओं तक में तिरंगा खरीदने को लेकर उत्साह रहा। शहर के प्रमुख बाजारों में तिरंगे के रंगों से सजी सामग्री लोगों का ध्यान खींचती रही।
नगर पालिका ने चलाया सफाई अभियान
बांदा। स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका परिषद द्वारा शहर भर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत स्मारकों, विद्यालयों और प्रमुख चौराहों की सघन सफाई की गई। 12 से 14 अगस्त तक चले इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों को चकाचक किया गया।
अशोक लाट व बाईपास चौराहे को तिरंगा लाइट और झंडों से सजाया गया है। सफाई अभियान के तहत मलिन बस्ती गायत्री नगर, खाई पार्क और चौंसठ जोगनी मंदिर क्षेत्र में सफाई कार्य कराया जा रहा है। खाई पार्क में सफाई अभियान पूरा करा लिया गया है।
15 अगस्त को नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू, अधिशासी अधिकारी श्री चंद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहेंगे। इसके अलावा चौंसठ जोगनी मंदिर के पास स्थित मलिन बस्ती वार्ड नंबर दो में भी ध्वजारोहण का आयोजन होगा, इसमें सभासद और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति भी रहेगी। (संवाद)
भाजपाइयों ने की किले की सफाई
बांदा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा की ओर से सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों व सदस्यों ने अजेय दुर्ग भूरागढ़ में सफाई कर लोगों को संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजयुमो की क्षेत्रीय मंत्री शिखा मिश्रा भी शामिल रहीं।
किला परिसर में स्थापित अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में महामंत्री निखिल सक्सेना, दुर्गा चौरसिया, राजर्षि शुक्ला, अंकित बासू, संतोष राजपूत, आयुषनाथ त्रिपाठी, आशीष अवस्थी, देवेंद्र अवस्थी सहित अन्य मौजूद रहे। (संवाद)