अतर्रा। पचोखर गांव में स्थित अंबेडकर उद्यान में डा.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी गई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अनुयायी मौके पर पहुंच गए। राजनीतिक दलों के लोग भी पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर नई प्रतिमा स्थापना की कवायदें शुरू कर दी हैं। यहां प्रतिमा तोड़े जाने की यहां दूसरी घटना है। करीब साल भर पहले प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
बीती सोमवार रात अज्ञात लोगों ने डा. आंबेडकर प्रतिमा का ऊपरी भाग ध्वस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो यह खबर तेजी से आसपास फैल गई। गांव के पूर्व प्रधान नत्थू प्रसाद वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। दोपहर डीएम अमित सिंह बंसल और एसपी डा.एसएस मीणा व एएसपी एलबीके पाल भी मौके पर पहुंचे।
उधर, एसडीएम नरैनी वंदिता श्रीवास्तव और सीओ रोहित यादव पुलिस बल के साथ आ गए। बसपा जिलाध्यक्ष गुलाब वर्मा, कोआर्डिनेटर मधुसूदन कुशवाहा, रामकिशोर वर्मा, रामस्वरूप प्रजापति, विजय प्रसाद, अशोक वर्मा, अनिरुद्ध कुमार, किशोरीलाल, सुनील कुशवाहा, रामपाल राजपूत, शिवलाल राजा, नगर अध्यक्ष शशिभूषण वर्मा, नत्थू, मलखान आदि सहित तमाम अनुयायी घटनास्थल पहुंचे और तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने और शीघ्र नई प्रतिमा लगाने की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए क्षेत्राधिकारी रोहित यादव और कालिंजर थानाध्यक्ष फोर्स के साथ सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गांव नारायनपुर रवाना हो गए हैं। बताया जाता है कि देर रात तक ग्रामीणों के सहयोग से नई प्रतिमा ले आई जाएगी। अतर्रा इंसपेक्टर रविंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, सपा जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर कुछ देर धरना दिया। उनका कहना था कि प्रतिमा न लगवाए जाने तक वह धरने पर बैठे रहेंगे। उनके साथ सपा नेता अशोक श्रीवास, अजय चौहान दादा, सत्येंद्र कुमार यादव, अमोल यादव आदि शामिल थे।
------------
इनसेट
----------
सपा और कांग्रेस ने भी की निंदा
अतर्रा/नरैनी। सपा नेताओं का जत्था भी पचोखर गांव पहुंचा। प्रशासन से नई प्रतिमा लगाने की मांग की। पूर्व जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, पूर्व ब्लाक प्रमुख मनोज वर्मा सहित युवजन सभा जिलाध्यक्ष आमिर खां मन्नी, अशोक भागवानी आदि शामिल रहे। उधर, नरैनी में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला चेयरमैन चंद्रपाल वर्मा ने एसडीएम को पत्र देकर अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने की निंदा की। उधर, अतर्रा में छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष विवेक बिंदु तिवारी, नीरज, गोविंद उपाध्याय, शरद कुमार, विकास दीक्षित आदि ने अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन देकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
---------------