बांदा। कार ट्रैक्टर से टकरा जाने पर उसमें सवार दंपति घायल हो गए। एक अन्य घटना में टेंपो पलटने से चार यात्री जख्मी हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौरिहार (छतरपुर) थाना क्षेत्र के किटपुरा गांव निवासी रामस्वरूप (33) पुत्र भवानीदीन अपनी पत्नी फूला (28) के साथ मारुति कार से मंगलवार की रात मेरठ से गांव आ रहा था।
बांदा-चिल्ला मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। कार सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक अन्य घटना में अतर्रा-नरैनी मार्ग पर मंगलवार की रात सवारियां लेकर अतर्रा जा रहा तेज रफ्तार टेंपो चौरिहन पुरवा गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया।
टेंपो सवार राजन कुशवाहा (35) पुत्र लोकनाथ और उसकी पत्नी संपत (30) व कुलदीप (28) पुत्र छोटेलाल सोनी और अंकित (11) पुत्र राजाराम सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी, अतर्रा पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राजन ने बताया कि उन्हें अतर्रा से ट्रेन पर संगम स्नान के लिए इलाहाबाद जाना था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी विवेक (6) पुत्र रामदेव सड़क किनारे खेलते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हो गया। बाइक सवार भाग निकले। देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव निवासी राजगीर शिवविलास (27) पुत्र लालू बाइक पर महोबा से लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटौंध के पास गिरकर घायल हो गए।