बांदा। मवेशी चराने गया किसान नाला के चेकडैम में भैंस चले जाने के कारण वह भी चेकडैम में उतर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी बृजभूषण (50) अपने मवेशियों को चराने गुरुवार को दोपहर पारा बिहारी गांव के पास बने तिगोड़िया नाला के पास गया था। नाले में बने चेकडैम में उसकी भैंस चली गई। भैंस को पानी से निकालने के लिए वह भी चेकडैम में उतर गया। पानी के तेज बहाव में वह बह गया।
बृजभूषण के हादसे की खबर सुनकर उसका चचेरा भाई पंचम लाल (40) सदमे में बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे पीएचसी बिसंडा में भर्ती कराया है। उधर, थानाध्यक्ष बिसंडा कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने भूरागढ़ चौकी क्षेत्र से गोताखोर बुलाए हैं। चौकी इंचार्ज आनंद कुमार गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंच गए हैं। चेकडैम में जाल भी डलवाया गया है। आठ घंटे बीत जाने के बाद भी किसान का पानी में कुछ पता नहीं चल सका है।