बांदा। मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने राष्ट्रीय जनसंख्या के आंकड़े अपडेट करने के लिए 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक घर-घर एनपीआर संशोधन का निर्देश दिया है। बुधवार को इस काम का प्रशिक्षण मयूर भवन सभागार में दिया गया। अध्यक्षता आयुक्त ने की।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनसंख्या अपडेट (एनपीआर) का काम समय से और पूरी जिम्मेदारी से पूरा करें। प्रगणक घर-घर जाकर व्यक्ति का नाम, पिता-माता का नाम, जन्मतिथि, वर्तमान पता इत्यादि अपडेट करें। नए परिवारों और नए सदस्यों को भी दर्ज करें। प्रशिक्षण में मौजूद लखनऊ से आए अनुपम सिंह सोमवंशी ने प्रगणकों को डाटाबेस अपडेट करने और आधार नंबर को एनपीआर डाटाबेस में डालने का तरीका बताया।
उन्होंने बताया कि जनपदों में जनगणना प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान अपर आयुक्त उमाकांत त्रिपाठी सहित पवन मिश्रा (बांदा), रत्नेश कुमार (चित्रकूट), अरुण मुंडा (महोबा), राज कुमार (हमीरपुर) सहित ई-डिस्ट्रिक मैनेजर राम कुमार सोनी और मंडल के सभी एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ तथा जनगणना लिपिक महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।