बांदा। ट्रांसफार्मर या लाइन में कोई खराबी आने पर उपभोक्ताओं को अब उप खंड अधिकारी (सब स्टेशन) कार्यालय की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। पावर कारपोरेशन ब्लाक स्तर पर ही विद्युत सेवा केंद्र खोल रहा है। यहां बिजली के मिनी स्टोर भी होंगे। अवर अभियंताओं को यहां की कमान सौंपी जाएगी।
चित्रकूटधाम मंडल में मौजूदा समय में 11 उप खंडीय कार्यालय हैं। नलकूप या अन्य प्रकार के फाल्ट पर ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, खंभे के लिए मुख्यालय स्थित विद्युत भंडार तक आना पड़ता है। ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत भी अधिकारियों से उप खंड कार्यालय में करनी होती है। अब शीघ्र ही फाल्ट संबंधी समस्याओं का निस्तारण और शिकायत दर्ज कराने के लिए ब्लाक में ही सुविधा केंद्रों की स्थापना की जा रही है।
इन सुविधा केंद्रों पर विभाग द्वारा एक ट्रैक्टर, ट्राली, दो लाइन मैन सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक उपलब्ध रहेंगे। ये केंद्र नजदीकी सब स्टेशन से अटैच रहेंगे। बांदा जिले में बड़ोखर, महुआ, जसपुरा, बिसंडा, बबेरू, कमासिन, नरैनी, तिंदवारी ब्लाक में सुविधा केंद्रों खोलने का कार्य अंतिम पायदान पर हैं। महोबा और हमीरपुर में जमीन चिह्नित हो गई है। आगे का काम शुरू हो गया है। चित्रकूट में 15 दिन के अंदर ये केंद्र चालू हो जाएंगे।
उधर, चित्रकूटधाम मंडल पावर कारपोरेशन मुख्य अभियंता आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह मिनी विद्युत स्टोर की तरह काम करेगा। ट्रांसफार्मर खराब होने या अन्य फाल्ट पर विद्युत सामग्री यहीं से मिलेगी। जल्द ही केंद्रों के लिए मोबाइल नंबर जारी होंगे। 15 नवंबर तक केंद्रों का काम पूरा कर लिया जाएगा।