खंती में पलटा पड़ा टेंपो और घटनास्थल पर घायल यात्री व बिखरा सामान और घटनास्थल पर लगी भीड़।
- फोटो : BANDA
बांदा/तिंदवारी। सवारियों से भरा तिपहिया टेंपो चालक की जरा सी चूक से सड़क किनारे गहरी खाईं में गिरकर पलट गया। चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। टेंपो पर सवार लगभग 18 अन्य यात्री घायल हो गए। इनमें रिटायर्ड एबीएसए भी शामिल हैं।
घटना सोमवार को शाम करीब 5 बजे की है। तिंदवारी कस्बे से बबेरू क्षेत्र के अनौसा गांव जा रहे ऑटो में लगभग 20 लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर अनौसा गांव के थे। तिंदवारी में बाजार करने या अन्य कामों से आए थे। घायल यात्रियों के मुताबिक तिंदवारी थाना क्षेत्र के सहिंगा गांव के पास ऑटो चालक अख्तर खां (35) पुत्र हनीफ खां तेज रफ्तार के बीच चलते टेंपो में गर्दन बाहर निकालकर पान मसाला थूकने लगा। इसी बीच टेंपो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहराई पर जाकर पलट गया। चालक की दबकर वहीं मौत हो गई। उसके चाचा हस्मत (45) पुत्र जीवन खां की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। यह दोनों अनौसा गांव के थे।
108 व 102 एंबुलेंस के प्रभारी उमेश द्विवेदी ने बताया कि चार एंबुलेंस से घायल शिवमोहन (40) पुत्र राम कुमार सिंह कोटार्य, गुलाब प्रजापति (25) पुत्र इंद्रपाल, शकील खां (40) पुत्र छेदा खां निवासीगण अनौसा तथा पूर्व एबीएसए शिवशंकर सिंह पटेल (62) पुत्र बद्री सिंह (रगौली, बबेरू), रामबहादुर सिंह (55) पुत्र राजाराम (पड़री), भरत यादव (23) पुत्र रामदास, मदनचंद्र वर्मा (45) और उसकी पत्नी सरस्वती (32) निवासी पड़री को तिंदवारी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। देर शाम थाना इंसपेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना के बारे में कोई तहरीर नहीं मिली है।