बांदा। पेड़ से किशोर का शव फंदे से लटका मिला। परिजन व पुलिस घर में माता-पिता से हुई आपसी कहासुनी के चलते फंदा लगाकर खुदकुशी करने की बात कह रहे हैं।
कालिंजर थाना क्षेत्र के रक्शी गांव निवासी रानू वर्मा (15) का शव घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित पहाड़ में लगे नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। कुछ देर बाद उसे तलाशते हुए परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा। बड़े भाई महेंद्र ने बताया कि राजू मजदूरी करता था। रविवार को वह काम की तलाश में घर से निकला था।
काम न मिलने की वजह से वह घर आ गया था। इस पर पिता कल्लू व मां रामप्यारी से उसकी कहासुनी हो गई थी। वह बहाने से घर से निकल गया था। कालिंजर थाना इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि घर में आपसी कहासुनी से नाराज होकर खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।