अतर्रा (बांदा)। तालाब में डूबने से किशोर की मौत हो गई। उसे बचाने गया उसका 13 वर्षीय दोस्त चुन्नू भी डूबने लगा लेकिन वह बच गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने 20 मिनट की खोजबीन के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला। आशीष को सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बल्लान के अंश माड़ी पुरवा निवासी सुशीला का इकलौता पुत्र आशीष (11) शनिवार दोपहर घर से शौच की बात कहकर निकला था। वह घर से 300 मीटर दूर तालाब के पास दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेलते समय अचानक आशीष का पैर फिसल गया और वह गहराई में जाकर डूबने लगा।
उसे डूबता देख पड़ोसी दोस्त चुन्नू पानी में कूद गया। चुन्नू भी गहरे पानी में डूबने लगा लेकिन झाड़ियों के सहारे तालाब के किनारे पहुंच गया जिससे वह बच गया। अन्य दोस्तों ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
मां सुशीला ने बताया कि पति देवीचरण बांदा शहर में मजदूरी करते हैं। आशीष माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना से मां सुशीला सहित सभी परिजन गहरे सदमे में हैं। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि आशीष की मौत तालाब में डूबने से हुई है। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम करा रही है।