बांदा। इमली की पत्ती तोड़ने गई किशोरी की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना से पहले बड़ी बहन से घरेलू कामकाज को लेकर उसका विवाद हुआ था। हालांकि पिता और परिजन कुएं में गिरने से मौत बता रहे हैं।
शहर कोतवाली के मवई बुजुर्ग गांव निवासी संगीता (17) मंगलवार को दोपहर घर से इमली की पत्ती तोड़ने गई थी। घर के पास बने कुएं में उसकी गिरकर मौत हो गई। काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुएं की जगत पर उसकी चप्पल उतरी देख कुएं में देखा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कुएं में कांटा डलवाया तो संगीता का शव फंसकर बाहर आ गया।
पिता दासू राम ने बताया कि दो बेटों और तीन बेटियों में वह दूसरे नंबर की थी। घटना के पहले घरेलू कामकाज को लेकर बड़ी बहन मनीषा से कहासुनी हुई थी। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि कुएं में गिरकर किशोरी की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।