बांदा। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किशोर और किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के भुजरख गांव निवासी शिवलखन (16) ने गुरुवार की देर शाम अपने घर में कमरे के अंदर साड़ी से फंदा लगा लिया। पिता ने बताया कि शिवलखन गांव में रहकर बकरी चराता था और उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था। तिंदवारी थानाध्यक्ष राधा कृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं।
दूसरी घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी अजेंद्र सिंह उर्फ स्वतंत्र सिंह (40) ने खेत में लगे खजूर के पेड़ से लुंगी से फंदा लगा लिया। चाचा राजेंद्र सिंह ने बताया कि अजेंद्र सिंह तीन भाइयों में बड़े थे। एक पुत्र व एक पुत्री है। पत्नी बच्चों के साथ सतना मध्य प्रदेश में रहती थी। 15 दिन पहले वह घर आई थी। अजेंद्र शराब के नशे का आदी था। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि घरेलू कलह का मामला सामने आया है।