पैलानी। कालेश्वर से पपरेंदा मार्ग पर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में शुक्रवार रात किशोरी का शव साड़ी के फंदे पर लटकता मिला। मां ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पिता ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति ने उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की थी। उसी ने बेटी की हत्या की है। आरोपी का बैग और मोबाइल भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिला है।
पैलानी थाना क्षेत्र के सांड़ी गांव के एक मजरा निवासी 14 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार की रात झोपड़ी में साड़ी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की मां दूसरे गांव में बन रहे अपने घर पर पड़ रही स्लेब को देखने के बाद अतरहट गांव निवासी चुन्ना यादव के साथ डेरा पर पहुंची तो उसकी बेटी फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, वहां पर चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मृतका चार भाइयों में सबसे छोटी थी। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने छेड़खानी की थी। इस मामले में पिता की गवाही हो चुकी है और पीड़िता की गवाही जल्द होने वाली थी। इसी के चलते छेड़खानी करने वाले आरोपी ने उसकी बेटी को फंदे पर लटकाकर मौत के घाट उतार दिया। थानाध्यक्ष पैलानी आनंद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हकीकत सामने आएगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।