बांदा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रति आम मतदाताओं का रुझान और सक्रियता बढ़ाने के लिए बांदा शहर व कई कस्बों के प्रतिष्ठित और समाजसेवी लोगों ने संयुक्त बैठक कर रणनीति तैयार की है। मोहल्ले व गांवों में जनसंपर्क और जागरूकता के साथ फार्म भराने में मतदाताओं की मदद करने का निर्णय लिया है।
इसकी पहल पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने की है। बृहस्पतिवार को उन्होंने बांदा आकर अपने आवास पर सभी वर्ग के चुनिंदा लोगों के साथ गैर राजनीतिक बैठक कर लोगों को एसआईआर का महत्व और गंभीरता बताकर प्रोत्साहित किया। कहा कि जनपद का एक भी मतदाता एसआईआर आवेदन से अछूता न रहने पाए। शिक्षित और बुद्धिजीवी वर्ग के लोग दलगत और धर्म - मजहब की भावना से ऊपर उठकर मतदाताओं की मदद करें।
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष द्वारकेश सिंह यादव मंडेला ने कहा कि वार्ड स्तर पर जागरूकता और प्रोत्साहित करने का अभियान चलाया जाना चाहिए। बड़ी तादाद में अभी मतदाता इससे बेफिक्र या अनजान हैं। शहर काजी अकील मियां ने इस पहल को अहम बताते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि कई वार्डों में अभी तक बीएलओ नहीं पहुंचे हैं। मतदाता भटक रहे हैं।
नगर पालिका पूर्व चेयरमैन और अधिवक्ता अशोक अवस्थी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और आवेदन फार्म से संबंधित चर्चा की। शहर काजी मौलाना कमरुद्दीन ने सभी धर्म गुरुओं से भी इसमें अपनी भूमिका निभाने को कहा।
बैठक में पूर्व विधायक शिरोमणि भाई, संकटा प्रसाद त्रिपाठी, सभासद मौला बक्श व इरफान, पूर्व सभासद शब्बीर जुगनू , अब्दुल रज्जाक, पीसीसी सदस्य मुमताज अली, सूरज बाजपेई (अतरी), मौलाना मुमताज रब्बानी, काली चरण निगम, नफीस गावस्कर, पूर्व प्रिंसिपल महमूद हुसैन खां, सीमा खान, सपा नेता अतीक अहमद, अमीरुद्दीन (हथौरा), मौलाना मुमताज रब्बानी आदि ने भी सुझाव दिए। हेल्पलाइन बनाकर मोबाइल फोन नंबर जारी किए गए।