बांदा। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में आ रही समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शनिवार को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीएसए के माध्यम से सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को संबोधित ज्ञापन दिया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2020 में नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए छह माह का ब्रिज कोर्स अनिवार्य किया गया था। एनआईओएस ने इसके लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी किया है, लेकिन न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण होने की शर्त पर आपत्ति है। भर्ती शासनादेश में केवल प्रशिक्षण प्राप्त करने का प्रावधान था।
शिक्षकों ने सुबह 10 से शाम पांच बजे तक ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन और मातृत्व अवकाश संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश न होने की समस्या भी उठाई। बीएसए ने सचिव से पत्राचार का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में बड़ोखर ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेंद्र यादव, महुआ ब्लॉक मंत्री राजेश तिवारी, तिंदवारी ब्लॉक मंत्री इंद्रजीत निषाद, धीरेंद्र गुप्ता, जयगोपाल, अनुभव प्रकाश शर्मा, मंजू, रवि मिश्रा आदि शिक्षक मौजूद रहे।