फोटो-5- मृतक राजेश चौहान। फाइल फोटो।
बांदा। थार की टक्कर में बाइक सवार शिक्षक राजेश चौहान (52) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उमा (45) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें हायर सेंटर लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।
हादसे के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र के कैरी सायर गांव निवासी बृजेश चौहान ने बताया कि उनके भाई राजेश चौहान (52) मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बरुआ गांव में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। वह बांदा में भूरागढ़ चौकी क्षेत्र में रह रहे थे।
भाई और भाभी बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पड़ोस में परिचित के यहां बरहौ संस्कार से वापस लौट रहे थे। भूरागढ़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने दोनों घायलों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टर ने राजेश चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि उमा को गंभीर हालत में हायर सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। उनके दो पुत्र हैं। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि परिजन से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।