बांदा। बांदा-बहराइच नेशनल हाईवे पर बेसहारा मवेशियों को बचाने में तेज रफ्तार टैंकर सड़क किनारे नीम से पेड़ से टकरा गया। हादसे में खलासी की मौत हो गई। ड्राइवर घायल हो गया।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के दिनापुर गांव निवासी दिवस पांडे (22) अपने पास ही के समोदर गांव निवासी चालक कृष्ण कुमार (35) के साथ टैंकर में सीमेंट लेकर कानपुर गया था। वहां से शनिवार को तड़के लौटते समय चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव के पास सड़क पर बैठे बेसहारा मवेशियों को बचाने में चालक ने टैंकर को कच्ची रोड की ओर मोड़ दिया। जिससे वह अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से भिड़ गया। टैंकर के परखचे उड़ गए। पेड़ की डाल भी टूटकर गिर गईं। जिससे खलासी दिवस पांडे की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। चालक गंभीर घायल हो गया।
ग्रामीणों ने चालक को तो बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कटर मशीन से पेड़ की डाल व वाहन की बाडी कटवाकर खलासी को बाहर निकाला। मां प्रभा पांडेय ने बताया कि करीब आठ दिन पहले वह घर से निकला था। उसने लौटकर घर आने की बात कही थी। दो भाइयों में बड़ा था। एक एकड़ जमीन है। चिल्ला थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।