बेंदा/तिंदवारी (बांदा)। कोतवाली क्षेत्र में परिजनों द्वारा शादी से मना कर देने से क्षुब्ध प्रेमी युगल ने एक साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के कैथी डेरा जौहरपुर गांव के बाहर मंगलवार को दोपहर विनोद निषाद (22) और किशोरी गांव के बाहर पेड़ पर एक साथ फांसी पर लटके मिले। यह दोनों सोमवार की रात से अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। चरवाहों ने शव लटके देखे तो उनके घरों में सूचना दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तिंदवारी थाना और बेंदाघाट चौकी पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के बीच पिछले करीब डेढ़ वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह शादी रचाना चाहते थे, लेकिन परिजन रिश्ते की दुहाई देकर इसके लिए राजी नहीं थे। दोनों रिश्ते में ममरे भाई-बहन थे। विनोद चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वहीं, किशोरी तीन बहनों व दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। तिंदवारी थाना इंसपेक्टर नीरज कुमार सिंह व बेंदा चौकी प्रभारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और परिजनों से जानकारी लेकर शवों को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।