बांदा। किराये के कमरे में रह रहे रेलकर्मी ने फंदा लगाकर जान दे दी। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।
चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र के अरवारी गांव निवासी देवमुनि यादव (52) बांदा रेलवे में टेक्नीशियन की पोस्ट पर तैनात थे। यहां सात साल से तैनात थे। शहर कोतवाली क्षेत्र के कालूकुआं मोहल्ले में अरुण गुप्ता के मकान में किराए पर रहते थे। मंगलवार को सुबह जब कमरे से बाहर नहीं निकले तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचना।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो शव प्लास्टिक की रस्सी से पंखे के छल्ले से लटका मिला। पुलिस ने शव को उतारकर उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचीं पत्नी अनीता देवी व उनके पुत्रों ने किसी भी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। भतीजे अजीत सिंह यादव ने बताया कि उनके तीन पुत्र एक पुत्री है। दो पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है। छोटा पुत्र पढ़ाई कर रहा है। चार भाइयों में सबसे छोटे थे। गांव में पांच बीघा जमीन है।
कालू कुआं चौकी इंचार्ज दान बहादुर पाल ने बताया कि मकान मालिक की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं। मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।