अतर्रा। कस्बे के उप डाकघर के कर्मचारी पर अधिवक्ता ने अभद्र व्यवहार करने तथा रजिस्ट्री सेवा देने से वंचित करने का आरोप लगाया गया है।
कस्बा निवासी अधिवक्ता विनय कुमार मिश्रा ने ज्ञापन में बताया कि सोमवार की सुबह वह न्यायालय से संबंधित आवश्यक रजिस्ट्री कराने के लिए उप डाकघर गए थे। कर्मचारी ने रजिस्ट्री स्वीकार करने से मना कर दिया। कहा कि शुल्क केवल ऑनलाइन जमा होगा। ऑनलाइन भुगतान में असमर्थता जताने पर रजिस्ट्री काउंटर पर बैठे कर्मचारी शशांक द्विवेदी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए रजिस्ट्री सेवा देने से इन्कार कर दिया।
रजिस्ट्री के लिए दिए गए लिफाफे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। अधिवक्ता ने एसडीए शैलेंद्र कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ डाक अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम ने विभागीय उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना प्रेषित की है। उधर, उपडाकपाल, अतर्रा अरुण कुमार का कहना है कि उच्चाधिकारियों द्वारा पंजीकृत डाक में आनलाइन भुगतान लेने के आदेश है। कार्यालय में बीमार होने के कारण आने में देरी हुई है। (संवाद)