बबेरू। बढ़ी फीस और कालेज में अव्यवस्थाओं से भड़क उठे छात्रों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। देर तक आवागमन ठप रहा। पुलिस और तहसीलदार के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
बेर्रांव गांव स्थित इंटर कालेज के छात्रों ने स्कूल के सामने कमासिन-बबेरू मार्ग पर सुबह करीब 11 बजे धरना देकर जाम लगा दिया। आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कुछ देर बाद नायब तहसीलदार शिवेंद्र सिंह और कोतवाली के उप निरीक्षक संजीव यादव आ गए और छात्रों से बात कर जाम खत्म करने की कोशिश की। लेकिन छात्र नहीं माने।
छात्रों का कहना था कि फीस बढ़ा दी गई है। सुविधाएं नगण्य हैं। कालेज में शौचालय, पीने का पानी, खेल सुविधा नहीं है। कंप्यूटर और कृषि लैब भी नहीं है। अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर निस्तारण कराया जाएगा।
उधर, वित्तविहीन शिक्षकों ने भी विरोध जताया। उन्हें मानदेय नहीं मिल रहा। उधर, प्रधानाचार्य कृष्णअवतार ने बताया कि शिक्षकों के पढ़ाने न आने से नाराज छात्रों ने जाम लगाया। वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय की बाबत प्रधानाचार्य का कहना है कि इसे जिला विद्यालय निरीक्षक ने बंद कराया है।