बांदा। पंडित जेएन डिग्री कालेज में शुक्रवार को छात्रों ने देर तक हंगामा किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्राचार्य से बातचीत के बाद छात्रों को शांत कराया।
छात्रों का कहना था कि डिग्री कालेज में 800 सीटें हैं, जबकि मेरिट 1600 की जारी कर दी गई। इसी तरह बीएससी में 160 सीटों के सापेक्ष मेरिट में 300 नाम शामिल कर लिए गए। यह भी आरोप लगाया कि कई कम प्रतिशत वाले छात्रों को दाखिला मिल गया। अधिक मेरिट वाले वंचित रह गए। कहा कि पहले आओ-पहले पाओ में यह गड़बडिय़ां की गई हैं।
300 रुपये का प्रासपेक्टस बेचा गया। छात्रों ने मांग की कि शेष सीटों पर पारदर्शिता के साथ दाखिले किए जाएं। ज्यादा दिए गए प्रास्पेक्टस वापस लिए जाएं। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा (नगर) व राघवेंद्र सिंह (सदर) फोर्स के साथ पहुंचे और धरना दे रहे व हंगामा मचा रहे छात्रों से बातचीत की। प्राचार्य डा.नंदलाल शुक्ला से बातचीत और उनसे मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने लगभग दो घंटे बाद धरना व हंगामा खत्म किया।
छात्र नेता करन सिंह पंकज, लव सिन्हा, अभय प्रताप सिंह, यशराज गुप्ता, शैलेंद्र वर्मा, शक्ति सिंह, मोहिल गुप्ता, लकी गुप्ता, नन्ना तिवारी, भूपेंद्र यादव, राहुल नामदेव, सुशील, प्रियंका, प्रीति, काजल, सुनीता, शिल्पी, आकांक्षा, नव्या और पुष्पा आदि छात्र-छात्राएं शामिल रहे।