फोटो-7- मां भीखार देवी की बरामद मूर्ति। संवाद
बांदा। थानाक्षेत्र जसपुरा के गांव रामपुर स्थित प्रसिद्ध मां भीखार देवी मंदिर से जुलाई में चोरी हुई अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति मंगलवार सुबह रामपुर रोड स्थित बड़ी पुलिया के पास पड़ी मिली।
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवकों की नजर प्रतिमा पर पड़ी। युवकों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
थानाप्रभारी ऋषि देव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मूर्ति को कब्जे में लिया। पुलिस ने गांव के सभाजीत यादव, पप्पू तिवारी और शिवमोहन कुशवाहा से पहचान कराई। ग्रामीणों ने इसे मंदिर से चोरी हुई मां भीखार देवी की मूल अष्टधातु की मूर्ति बताया। ग्रामीणों ने मूर्ति को प्राचीन एवं हजारों वर्ष पुराना बताया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मूर्ति के दोनों अंगूठे काटे गए हैं। आशंका जताई कि चोर अष्टधातु की कीमत या उसकी धातु की जांच कराने अथवा उसे बेचने के इरादे से मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर ले गए थे। थानाप्रभारी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मूर्ति मंदिर पक्ष को सौंप दी जाएगी।