बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव निवासी वीरेंद्र (27) की शुक्रवार की रात हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि स्पेलर मालिक के यहां बेटे के 80 हजार रुपये जमा हैं।
बेटा दीपावली पर बाइक खरीदना चाहता था। इसके लिए उसने रुपये मांग रहा था। इसी कारण स्पेलर मालिक ने हत्या कर घटना को हादसे का रूप देने के लिए शव सड़क पर फिंकवा दिया।
शुक्रवार की रात शहर के खूंटी चौराहा ढाल पर प्रेमपुर गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र रामसेवक का शव मिला था। बताया गया था कि ओवरलोड ट्रक ने वीरेंद्र को रौंद दिया था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में पिता रामसेवक ने बताया कि वीरेंद्र शहर में स्पेलर में तेल पिराई का काम करता था। आरोप लगाया कि लेन-देन के विवाद में स्पेलर मालिक ने उसकी हत्या की है।
बताया कि स्पेलर मालिक के यहां वीरेंद्र के 80 हजार रुपये जमा हैं। वीरेंद्र दीपावली पर बाइक खरीदने के लिए मालिक से रुपये मांग रहा था। इसी वजह से उसकी हत्या की गई। मामले को सड़क हादसे का रूप देने के लिए शव को हाईवे पर फेंक दिया गया।
उसने बताया कि यदि ट्रक ने रौंदा होता तो उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त होती, जबकि साइकिल एकदम ठीक है और इसमें टंगा तेल से भरा डिब्बा भी ज्यों का त्यों है।