बांदा। रेलवे की वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना में बांदा और अतर्रा स्टेशन शामिल हुए हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। बांदा स्टेशन पर बुंदेलखंड का प्रसिद्ध सोहन हलुआ बिकेगा। अतर्रा स्टेशन पर मिलेट्स (ज्वार, बाजरा आदि) से बने खाद्य पदार्थ मिलेंगे।
झांसी मंडल के कुल 33 स्टेशनों को इस योजना के लिए चुना गया है। रेलवे स्थानीय उत्पादकों, स्वयं सहायता समूहों और दिव्यांगजनों को व्यापार का अवसर देगा। उन्हें मात्र 500 रुपये के मासिक किराये पर स्टॉल या ट्रॉली उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित समूह स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पाद ही बेच सकेंगे। स्टेशन प्रबंधक सुधीर कुमार के अनुसार, यह पहल रोजगार के अवसर पैदा करेगी। यात्रियों को स्थानीय विशिष्ट उत्पाद खरीदने का अनूठा अनुभव मिलेगा।