सपा सरकार की अति महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना में पात्रों को ढाई लाख रुपये बांटे जाने हैं। मजेदार बात यह कि इस योजना का डंका पीटने के लिए 27 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए सरकार ने पांच लाख रुपये बजट पास किया है। इस रकम से आयोजित कार्यक्रम में नाश्ते से लेकर खान-पान आदि की व्यवस्था की जाएगी।
पंडित जेएन कॉलेज मैदान में समाजवादी पेंशन योजना के परिचय पत्र वितरण और कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर बड़ा पंडाल लगाया जाएगा। सर्दी को देखते हुए इसे चारों ओर से ढका जाएगा। बुधवार को समाज कल्याण से संचालित अन्य योजनाओं को लेकर आने वाले लोगों की बात सुनने के लिए दफ्तर में कोई तैयार नहीं था।
विवरण के अनुसार जनपद के प्रभारी मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी 500 पेंशनरों को परिचय पत्र सौंपकर योजना का औपचारिक आगाज करेंगे। हालांकि इन लाभार्थियों के खाते में पहले से पेंशन भेजी जा चुकी है। प्रत्येक लाभार्थी को 500 रुपये भेजे गए हैं। कुल 500 लाभार्थियों के लिए ढाई लाख रुपये दिए गए हैं। हालांकि जिले में योजना से कुल लाभान्वित होने वाले पेंशनरों में 6293 शहरी व 45,505 ग्रामीण शामिल हैं।
लाभार्थियों की खूब होगी आवभगत
प्रभारी मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी के हाथ से परिचय पत्र हासिल करने वाले लाभार्थियों की कुछ घंटे के लिए जमकर आवभगत होगी। उन्हें घर से आयोजन स्थल तक लाने और वापस छोड़ने के लिए लक्जरी बसें लगाई जाएंगी। आधा दर्जन ब्लाक व नगर क्षेत्रों से यह लाभार्थी लाए जाएंगे। ग्राम विकास अधिकारी पर इनको आयोजन स्थल तक लाने और छोड़ने की जिम्मेदारी होगी। लाभार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न होने देने के लिए बीडीओ को जिम्मेदार बनाया गया है।
ऐसे होंगे आईकार्ड
लाभार्थियों को परिचय पत्र मिलेगा। इसमें लाभार्थी का नाम, कंप्यूटर कोड नंबर, बैंक का खाता नंबर, आईएफएस कोड समेत आठ महीनों की एकमुश्त दी जाने वाली चार-चार हजार रुपये की धनराशि दर्ज होगी। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर समाज कल्याण अधिकारी केके सिंह की डीएम के साथ बुधवार को घंटों मंत्रणा भी हुई।