बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या की जांच अब विशेष जांच दल (एसआईटी) करेगी।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने हत्याकांड के गहराई से खुलासे के लिए दो क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। वहीं प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आने पर बीट दरोगा और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
नंदवारा निवासी भइयाराम राजपूत ने नरैनी कोतवाली में एक अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छह वर्षीय बेटे मनोज और चार वर्षीय युवराज 30 सितंबर की दोपहर घर के बाहर खेलते समय लापता हो गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों बच्चों के शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान के पीछे पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुए थे। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से दोनों की मौत की पुष्टि हुई थी।
भइयाराम की तहरीर पर बसपा में मंत्री रह चुके सुरेंद्र पाल वर्मा के पुत्र एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा, उसके साथी शेरा उर्फ ओमकार, भवानीदीन, अखिलेश, सुनीता, अर्चना, रामलली, लंबरी और सुरेंद्र नेता के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनमें पुलिस ने भवानीदीन, अखिलेश, रामलली, लंबरी और सुरेंद्र नेता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हत्याकांड के राजनीतिक तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर बीट दरोगा राजेश कुमार और बीट सिपाही अनुज कुमार को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया। इसके साथ ही पूरे मामले की गहराई से जांच और हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी गठित की गई है।
एसआईटी में सीओ सिटी सौरभ सिंह, सीओ नरैनी प्रवीण यादव, इंस्पेक्टर गिरवां सुरेश सैनी, इंस्पेक्टर क्राइम नरैनी अर्जुन सिंह, थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप सिंह, थानाध्यक्ष बदौसा राधाकृष्ण तिवारी, एसओजी प्रभारी आनंद कुमार और सर्विलांस प्रभारी राजेश मौर्य को शामिल किया गया है। एसआईटी अब हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच करेगी।
-
कोतवाली प्रभारी नरैनी को एसआईटी में नहीं मिला स्थान
एसपी ने जांच के लिए गठित एसआईटी से कोतवाली प्रभारी नरैनी भाष्कर मिश्रा को दूर रखा है। न तो उन्हें मामले का विवेचक बनाया गया है और न ही एसआईटी में शामिल किया गया। घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र की होने के बावजूद ऐसा किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं मामले की विवेचना इंस्पेक्टर गिरवां सुरेश सैनी को सौंपी गई है।
-
एसपी बोले-जल्द खुलासा किया जाएगा
हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। इस कांड में प्रथम दृष्टया बीट दरोगा व बीट सिपाही की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित किया गया है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
-पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा