बांदा। साहब गांवों में बिक रही अवैध शराब पीकर युवा बर्बाद हो रहे हैं। पति रोज नशे में घर आते हैं, विरोध करने पर लात घूसों से पीटते हैं। गावों की छोटी-छोटी किराना की दुकानों पर खुलेआम अवैध शराब बिक रही है। यह दर्द मंगलवार को तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा, बैरमपुर व माचाहार की महिलाओं ने डीएम के सामने बयां किया। डीएम से अवैध शराब बनाने व बेचने वालों पर महिलाओं ने कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने डीएम से बताया कि आबकारी विभाग के सुस्त रवैये से अवैध शराब का व्यापार जनपद में तेजी से फल फूल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किराने की दुकानों से भी पुलिस की मिलीभगत से शराब की बिक्री हो रही है। अवैध शराब की जद में आकर जहां एक ओर नवजवानों का भविष्य चौपट हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर महिलायें घरेलू उत्पीडऩ का शिकार हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पैर जमा रहे अवैध शराब की समस्या से परेशान जनपद के ग्राम बेंदा , भैरमपुर, मांचाहार से बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल से कार्रवाही की गुहार लगाई।
महिलाओं ने बताया कि किराने की दुकानों से शराब की बिक्री हो रही है। शराब पीकर पति आयदिन मारपीट करते हैं। नवजवान कमाई के पैसे को शराब में डुबा रहे हैं। मुख्य चौराहों पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है जिसके चलते बेटियां स्कूल नहीं जा पा रही हैं। महिलाओं ने आबकारी विभाग व तिन्दवारी थानें की सांठगांठ से शराब बिक्री का आरोप लगा कार्रवाही की मांग की है।