बांदा। नगर पंचायत बबेरू के चेयरमैन पुत्र ने नगर पंचायत का कबाड़ पड़ा लोहे का सामान बिना नीलामी प्रक्रिया पूरी किये कबाड़ी के हाथ बेच दिया। सभासदों को इसकी भनक लगी तो तहसील में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी के यहां से नगर पालिका का सरकारी लोहे का सामान बरामद किया है। तहसीलदार ने मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
बबेरू नगर पंचायत में 14वें वित्त से कूड़ादान ट्राॅली समेत अन्य सामान खरीदा गया था। इसे रामलीला मैदान के सामने स्थित कबाड़ की दुकान पर को दोपहर नगर पंचायत का पुराना कूड़ादान, ट्राॅली जिसका वजन करीब दो क्विंटल 30 किलो, एक कूलर की टंकी, एक टूटा पलंग भी था। कबाड़ी की दुकान में 11 हजार रुपये में बेच दिया गया। कबाड़ दुकानदार रामदेव साहू का कहना है कि कबाड़ के साथ नगर पंचायत चेयरमैन के पुत्र अनूप यादव, ड्राइवर और कल्लू नाम का व्यक्ति भी आया था।
उधर, जब इस प्रकरण की जानकारी नगर पंचायत सदस्यों को हुई तो शिकायत तहसीलदार अभिनव तिवारी से कर दी। सूचना मिलने पर अभिनव तिवारी ने दुकान में पहुंचकर कबाड़ देखा तो ट्राली में 14वां वित्त लिखा मिला। उन्होंने बताया कि बिना नीलामी के यह सामान बेचा गया है। इसकी वह जांच करा रहे हैं। बताया कि इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से भी पूछताछ की जायेगी। कहा कि जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस संबंध में जब नगर पंचायत चेयरमैन सूर्यपाल यादव से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन काट दिया। इस संबंध में बात नहीं की।