बॉलीवुड नाइट में गायकों ने बांधा समां, खूब थिरके दर्शक
- एडीएम की गजल, सीडीओ की कविता ने खूब बटोरी तालियां
- बॉलीवुड व स्थानीय कलाकारों सहित अफसर को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
कालिंजर। ऐतिहासिक व पौराणिक दुर्ग कालिंजर में आयोजित तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव के अंतिम दिन बॉलीवुड नाइट में देश-विदेश से आए पर्यटकों का जमकर मनोरंजन हुआ। प्रख्यात गायक आकांक्षा शर्मा ने तेरे संग यारा सहित कई फिल्मी गीत प्रस्तुत कर धमाल मचा दिया।
रविवार को कालिंजर महोत्सव का समापन हो गया। बॉलीवुड नाइट में मशहूर कलाकारों ने देर रात तक अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधे रखा। फिल्मी गीतों पर लोग थिरकते रहे। गायक कुलदीप सिंह मंच से जैसे ही मैं प्रेम का प्याला पी आया गीत प्रस्तुत किया, तो लोग झूमने लगे। जुबेर हाशमी ने मैं तेरी दीवानी, तुम ही हो मेरी जिंदगी गीत सुनाए। कॉमेडियन प्रताप फौजदार ने अपनी लतीफों से लोगों को लोटपोट कर दिया। कॉमेडियन अरशद खान, राजन श्रीवास्तव ने नेता, पुलिस और युवाओं पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। संजय काकोनिया, पंकज रावत, सौम्या श्रीवास्तव, गुंजन राजपूत, आकृति मिश्रा ने एंकर की भूमिका अदा की।
एडीएम बांदा ने हम तेरे शहर में आए हैं मुसाफिर की तरह गजल सुनाई। सीडीओ ने कविता सुनाई। आखिर में बॉलीवुड गायक आकांक्षा, कुलदीप, शिवा पांडे, कॉमेडियन प्रताप फौजदार, राजन श्रीवास्तव सहित स्थानीय कलाकार धनंजय सिंह, राजनारायण निशा गुप्ता, अंजू दमेले, किरण सेठी को सम्मानित किया गया। बेहतर व्यवस्थाओं के लिए एडीएम, सीडीओ, एसडीएम रजत वर्मा, तहसीलदार राजेश सहित कई अधिकारियों व कर्मचारियों को शील्ड देकर सम्मानित किया। यहां पूर्व विधायक राजकरण कबीर, कोमल कुशवाहा, प्रधान कटरा राजेंद्र श्रीवास, प्रधान कालिंजर दयाराम सोनकर आदि मौजूद रहे। एडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने सभी का आभार जताया।