बांदा। अब चित्रकूटधाम मंडल में बीमार पशुओं को एंबुलेंस से पशु चिकित्सालय लाया जाएगा। इसके लिए चारों जनपदों में 16 एंबुलेंस स्वीकृत की गई हैं। ये स्वास्थ्य विभाग की 102 व 108 एंबुलेंस सेवा की तर्ज पर काम करेंगी।
पशु चिकित्सा विभाग की ओर से लागू की गई इस योजना के तहत एक लाख पशुओं पर एक एंबुलेंस आवंटित होगी। इस मानक के मुताबिक बांदा जनपद में सात, चित्रकूट में पांच और महोबा व हमीरपुर में 4-4 एंबुलेंस आवंटित की गई हैं। पहली जुलाई को लखनऊ में मुख्यमंत्री इन एंबुलेंस को झंडी दिखाकर जनपदों के लिए रवाना करेंगे। बीमार पशु के इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाने के लिए पशुपालक को 1962 नंबर डायल करना होगा। पशु चिकित्सा विभाग ने एंबुलेंस ड्यूटी का निर्धारण करते हुए रोडमैप भी तैयार कर लिया है। एक एंबुलेंस मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय में रहेगी। अन्य एंबुलेंस दूसरे रूटों पर होंगी।
चित्रकूटधाम मंडल उप निदेशक (पशुपालन) डॉ. मनोज अवस्थी ने बताया कि प्रत्येक एंबुलेंस में संविदा पर पशु चिकित्सक सहित एक सहायक व चालक की ड्यूटी होगी। एंबुलेंस में पशुओं के इलाज संबंधी जरूरी उपकरण और सुविधाएं भी होंगी। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।