बांदा। एक पखवारे से दुकानों में ताले जड़कर हड़ताल पर डटे सराफा व्यवसायी बुधवार को दिल्ली कूच कर गए। गुरुवार को देशव्यापी प्रदर्शन में शामिल होंगे। सराफा व्यवसायियों की बस को कांग्रेस विधायक दलजीत सिंह और सराफा समिति नगर अध्यक्ष राधाकृष्ण गोयल ने संयुक्त रूप से बुधवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्र सरकार द्वारा सराफा व्यवसाय में लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में एक पखवारे से हड़ताल चल रही है लेकिन केंद्र सरकार नहीं सुन रही। उधर, सराफा व्यवसायी भी आर-पार की लड़ाई के लिए कमर कस चुके हैं।
सराफा व्यवसाइयों ने घोषणा की है कि एक्साइज ड्यूटी वापस न लिए जाने तक हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। देश भर के सराफा व्यवसायी अब दिल्ली मेें शक्ति प्रदर्शन करेंगे। बुधवार को जिले के सराफा व्यवसाई निजी बसों और अन्य चौपहिया वाहनों से रवाना हो गए।
सराफा समिति के मनमोहन गोयल, संजय मिश्र, शैलेश जड़िया, सत्य प्रकाश सराफ, अशोक ओमर, ओम प्रकाश सोनी सहित अन्य सराफा व्यवसायी दिल्ली जाने वालों में शामिल थे। कांग्रेस विधायक दलजीत ने सराफा व्यवसायियों की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।
अतर्रा प्रतिनिधि के मुताबिक उत्पाद शुल्क के विरोध में सराफा व्यवसायियों ने बुधवार को दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष रवि अग्रवाल की अगुवाई में जुलूस निकाला और वित्त मंत्री के खिलाफ नारे लगाए।
उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता, गुड्डी सोनी, सौरभ अग्रवाल, महेंद्र गुप्ता, जयनारायण सोनी, हरीओम सोनी, वैदेहीशरण सोनी, हरिशरण, संत कुमार, राजेश गुप्ता मौजूद रहे। बदौसा प्रतिनिधि के मुताबिक सराफा व्यवसायी अरविंद सोनी के नेतृत्व में रमाशंकर गुप्ता, शंकर सोनी, भारत सोनी, महेंद्र सोनी, दुर्गेश सोनी, राजकुमार सोनी, ओमचंद्र, राकेश, संतोष आदि ने बंदी में शामिल होकर विरोध जताया।