चित्रकूट। सावन मास के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।
इस दौरान शिवालय हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान रहे। रामघाट स्थित धर्मनगरी के राजा मत्तगजेंद्रनाथ महाराज मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान शिव को फूल, बेलपत्र और धतूरा जैसी सामग्रियां अर्पित कीं। पुलिस ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया।
भक्तों ने की पूजा, मांगी सलामती
पहाड़ी। कस्बे के पालेश्वर नाथ मंदिर में भोर चार बजे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। समाजसेवी शिव मंगल गुप्ता ने श्रद्धालुओं को हलवा का प्रसाद वितरित कराया। (संवाद)
ऋषियन आश्रम में उमड़े श्रद्धालु
मऊ। ऋषियन आश्रम के शिव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में स्वयंभू शिवलिंग पर प्राकृतिक झरने से 24 घंटे अभिषेक होता है। भक्तों ने रुद्राभिषेक, आरती पूजन, हवन और भंडारा जैसे धार्मिक अनुष्ठान किए। आश्रम संचालक पंडित इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि श्रावण का प्रथम सोमवार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। (संवाद)
जलाभिषेक कर भक्तों ने की आराधना
जापुर। नगर के द्वादश प्राचीन शिवलिंग मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। सब्जी मंडी स्थित शिव मंदिर और हनुमान मंदिर रोड स्थित अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर में भी भीड़ उमड़ी। पुराने अस्पताल के पास स्थित शिवालय में भी दिनभर श्रद्धालु आते रहे। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और गंगाजल सहित पूजा सामग्री अर्पित की और शांति और समृद्धि की कामना की। (संवाद)