बांदा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र शिक्षक संघ ने सीएम को ज्ञापन भेजकर चिकित्सा बीमा, पूरे वर्ष का मानदेय तथा सेवाकाल 62 वर्ष करने की मांग की। विधायक प्रकाश द्विवेदी व बृजेश प्रजापति के माध्यम से भेजे ज्ञापन में कहा कि शिक्षामित्र पिछले 20 वर्षों से कार्य कर रहे हैं।
समायोजन रद्द होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। बांदा जनपद में 2000 शिक्षामित्र कार्यरत हैं। संघ ने कहा कि डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में 20 अगस्त 2018 को गठित कमेटी के निर्णय सार्वजनिक करते हुए शिक्षामित्रों के हित में फैसला लिया जाए।
अन्य कर्मियों की तरह शिक्षामित्रों को भी चिकित्सा बीमा व अन्य सुविधाएं मिलें। पूरे बारह माह का मानदेय और सेवाकाल 62 वर्ष किया जाए। ज्ञापन देने वालों में संघ जिलाध्यक्ष राधेश्याम यादव, महामंत्री सुनील मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार चतुर्वेदी, रामराज शुक्ल आदि शामिल रहे।