नरैनी। भीषण गर्मी और लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। तेज बुखार, उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 46.2 डिग्री तापमान और चल रही गर्म हवाओं के कारण लोग लू की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में बड़ी संख्या में बीमार उपचार कराने पहुंचे। इनमें अधिकांश मरीज लू, उल्टी-दस्त, वायरल बुखार से पीड़ित रहे।
ओपीडी में तैनात चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं देने के साथ सावधानियां बताईं। इस दौरान अधीक्षक डॉ. विकास यादव, डॉ. धर्मनारायण प्रजापति, डॉ. चेतना मिश्रा, डॉ. स्नेहलता, डॉ. स्वाति मिश्रा और डॉ. मनीष ने मरीजों का उपचार किया।
अधीक्षक डॉ. विकास यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते वायरल संक्रमण और लू के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीजों में तेज बुखार, गले में खराश, शरीर दर्द, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत प्रमुख रूप से सामने आ रही हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराई जा रही है तथा चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।