फोटो - 20 मासूम का पानी में खोजने के दौरान यमुना घाट पर ग्रामीणों का लगा हुजूम। संवाद
बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के शादी मदनपुर गांव में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने गए सात वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांव के निवासी इमरान का सात वर्षीय बेटा हनीफ (उर्फ हसन) अपने हम उम्र दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित शहीद बाबा दरगाह के समीप यमुना नदी घाट पर नहाने गया था। बताया जाता है कि बच्चों ने किनारे पर कपड़े उतारे और नदी में नहाना शुरू किया। इसी दौरान अचानक हनीफ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तैरना न आने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूबने लगा।
घटना को देख साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़ लगाई और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने हनीफ को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि इमरान का परिवार कोलकाता में रहता है और तीन दिन पूर्व ही वह अपने पारिवारिक चाचा की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था।
मृतक की एक पांच वर्षीय बहन एलमा है। थाना प्रभारी अर्पित पांडेय ने बताया कि घटना जानकारी होने पर पुलिस गई थी। परिजन बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, जिससे पंचनामा की कार्रवाई की गई है।