अतर्रा। सात मजदूरों ने बिना मजदूरी के ठेकेदार से धोखाधड़ी करके करीब छह लाख रुपये हड़प लिए। ठेकेदार की तहरीर पर थाना पुलिस ने सात मजदूरों के खिलाफ धोखाधड़ी करके रुपये हड़पने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली अतर्रा क्षेत्र के बसरेही गांव के शंकर पुरवा निवासी ठेकेदार कैलाश ने बिसंडा थाने में तहरीर देकर बताया कि वह ईंट-भट्ठे की ठेकेदारी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उन्होंने मजदूर छोटेलाल, दिनेश, सूरज, नवल, विजय, कल्लू और कौशल निवासीगण पुनाहुर को ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए एडवांस में करीब छह लाख रुपये दिए थे। बताया कि मजदूरों को दिए गए रुपये ब्याज पर उधार और घर के जेवर गिरवीं रखकर जुटाए गए थे।
एडवांस लेने के बाद सभी मजदूर बिना बताए ईंट-भट्ठे का काम छोड़कर भट्ठे से अपने घर लौट गए। कैलाश ने जब उनसे रुपये वापस मांगे, तो मजदूरों ने लौटाने से इनकार कर दिया। ठेकेदार की तहरीर पर थाना पुलिस ने सात मजदूरों के खिलाफ बिना मजदूरी किए रुपये हड़पने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।