बांदा। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां से दो लोगों को कानपुर रेफर किया गया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के त्रिवेणी गांव निवासी हिरिया (65), चिलेहटा गांव निवासी सुनीता (35), त्रिवेणी गांव निवासी हरिलाल (46) यह सभी त्रिवेणी गांव निवासी ई रिक्शा चालक सुरेंद्र (22) के ई रिक्शा में सवार होकर बांदा शहर आ रहे थे। शुक्रवार को दोपहर भूरागढ़ के पास स्थित जल निगम कार्यालय वाली रोड में पीछे से आए गिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे ई रिक्शा पलट गया। उसमें सवार चालक समेत सभी गंभीर घायल हो गए। हादसे में टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर भी आगे जाकर पलट गया। हालांकि उसमें कोई घायल नहीं हुआ।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ला निवासी प्रशांत (26) व विनय (25) गुरुवार की रात 10 बजे करीब एक शादी समारोह से बाइक से घर आ रहे थे। तिंदवारी रोड पर गल्ला मंडी के पास सामने से आई जेसीबी ने दोनों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी बिंदा (30) गुरुवार की देर शाम बाजार से लौट रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।