भूमि अधिग्रहण कानून के विरोध और ओलावृष्टि व बारिश से पीड़ित किसानों को पर्याप्त मुआवजे की मांग लेकर आम आदमी पार्टी और बुंदेलखंड तिरहार विकास मंच ने सोमवार को अलग-अलग धरना-प्रदर्शन किए और ज्ञापन भेजे। अगले माह किसानों के खून की थैलियां प्रधानमंत्री को भेजने की घोषणा की।
स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट के पास आयोजित धरने में आम आदमी पार्टी के आशीष सागर दीक्षित ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की मौत को भी झुठला रही हैं। इन सरकारों या जनप्रतिनिधियों को चाहिए की मृतक किसानों की बेटियों की शादी कराएं।
जिला संयोजक अवधेश कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण कानून की आड़ में किसानों की जमीने छीनकर उद्योगपतियों को दिए जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले माह किसान खून की थैलियां प्रधानमंत्री को भेजेंगे।
यूपी सरकार को भी कोसा। धरने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। सरदार अली, दुर्गा प्रसाद साहू, रिंकू चौहान, इरफान सौदागर, धीरेंद्र पांडेय, चंद्रेश कुमार गुप्त इत्यादि शामिल रहे।
उधर, बुंदेलखंड तिरहार विकास मंच ने अशोक लाट में धरने और सभा के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि 2009 से अब तक सैकड़ों किसान आत्महत्याएं कर चुके हैं। ताजे कुदरती कहर ने बुंदेलखंड में और तबाही मचा दी है।
10 हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा, सभी कर्जों की माफी, आत्महत्या करने वाले किसानों को 10 लाख की मदद, बुंदेलखंड का आपदाग्रस्त घोषित कर पशुओं के चारे-भूसे की व्यवस्था, सभी फसलों को बीमा दायरे में लाए जाने की मांगें की।
मंच अध्यक्ष प्रमोद आजाद सहित बृजमोहन यादव, रवि करन यादव, श्यामलाल, प्रेमराज यादव, दुर्गा प्रसाद, कृष्णपाल द्विवेदी, रामलाल सिंह यादव, संतोष कुमार यादव, देवराज निषाद, नेहा सिंह, प्रदीप तिवारी आदि शामिल रहे।