ललौली (फतेहपुर) थाना क्षेत्र के हजरतगंज निवासी मकसूद (31) पुत्र मकबूल शुक्रवार तड़के साढ़े 3 बजे अपने ट्रक में कबरई से गिट्टी लेकर ललौली जा रहा था। चिल्ला थाना क्षेत्र में पपरेंदा के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ाकर चालक मकसूद और बेहटा (फतेहपुर) का क्लीनर छोटू (24) हेडलाइट सुधारने लगे। तभी पीछे से तेज रफ्तार दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी और कुछ दूर तक घसीटता ले गया। दुर्घटना से चालक मकसूद की मौके पर मौत हो गई।
क्लीनर छोटू घायल हो गया। दूसरे ट्रक का चालक सुघर (36) पुत्र रामऔतार (रामपुरमून, फतेहपुर) भी बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना पर यूपी-100 पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। घरवाले दोनों घायलों को घटनास्थल से ही कानपुर इलाज के लिए ले गए। पुलिस ने मकसूद का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यहां मृतक के चाचा याकूब खां ने बताया कि मकसूद ट्रक मालिक भी था और खुद ही ट्रक चलाता था। उसकी शादी 7 साल पूर्व हुई थी। अपने पीछे पत्नी गुड़िया खातून और तीन बच्चे छोड़ गया है।